राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर, माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंचा, फतेहपुर 5.5 डिग्री

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर, माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंचा, फतेहपुर 5.5 डिग्री


राजस्थान में सर्दी ने पकड़ा जोर, माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंचा, फतेहपुर 5.5 डिग्री


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत से लगातार चल रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में ठंड का असर तेज कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है। हिल स्टेशन माउंट आबू में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जमाव बिंदु तक पहुंचे पारे के कारण माउंट आबू में सुबह के समय कड़ाके की ठंड रही और लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे।

इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया। शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी का असर सबसे ज्यादा रहा। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, सीकर में 6.5 डिग्री, माउंट आबू और नागौर में 7.9 डिग्री, भीलवाड़ा में 8.3 डिग्री तथा सिरोही में 9.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इसके अलावा अलवर, चित्तौड़गढ़, चूरू, उदयपुर, पिलानी और टोंक में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा।

राजस्थान में मौसम पूरी तरह साफ रहा। सुबह से देर शाम तक तेज धूप खिली रही, लेकिन उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ा दी। लोग अब घरों से निकलते समय गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं।

रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आ गई है।

शुक्रवार को बाड़मेर, श्रीगंगानगर और पाली को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे अधिक दिन का तापमान बाड़मेर में 31.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

राजधानी जयपुर में भी सर्द हवाओं का असर लगातार बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। जयपुर में 13 नवंबर को न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री था, जो 20 नवंबर को घटकर 13.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। रात में हल्की गलन महसूस होने लगी है। हालांकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।

शुक्रवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। खासकर शेखावाटी और बीकानेर संभाग के इलाकों में रात के समय सर्दी और तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले करीब एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने और इसी तरह सर्द मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780707 Articles

Share this story