नगर निगम चुनाव: टिकट घोषित होने से पहले ही कांग्रेस-भाजपा के दावेदारों ने भरे नामांकन
जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न की घोषणा नहीं की है,लेकिन दोनों प्रमुख दलों से जुड़े दावेदारों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। नामांकन के दूसरे दिन कांग्रेस से 34 और भाजपा से 12 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों दलों के कुल 46 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन के दूसरे दिन कुल 69 उम्मीदवारों ने 137 नामांकन पत्र दाखिल किए। इससे पहले नामांकन के पहले दिन 27 अगस्त को 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र जमा कराए थे।
कांग्रेस की ओर से 25 वार्डों से 34 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें वार्ड 11 और 47 से तीन-तीन दावेदारों ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा है। वहीं वार्ड 50, 99, 101, 140 और 145 से दो-दो दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस की ओर से नामांकन दाखिल करने वालों में वार्ड 1 से मनमोहन शर्मा, 3 से अनिल पारीक, 4 से कविता, 6 से निर्मला अग्रवाल, 10 से संजना देवी, 15 से मधुसूदन शर्मा, 19 से रियाजुद्दन मुगल, 25 से सोनिया सैनी, 31 से जय कुमार जैन, 39 से अजय सैनी, 51 से मनमोहन गुर्जर, 60 से रामलक्ष्मण मीणा, 65 से गुलाब सिंह, 67 से योगिता शर्मा, 78 से मुकेश चौहान, 86 से सीमा वर्मा, 128 से मोहम्मद शफीक और 146 से रोशन रज्जाक भाटी शामिल हैं।
वार्ड 11 से हनुमान सहाय शर्मा, बृजकिशोर पाठक और पवन कुमार शर्मा ने नामांकन भरा। वार्ड 47 से विजय गुप्ता, दामोदर मीना और लक्ष्मीकांत शर्मा ने दावेदारी जताई। वार्ड 50 से अतुल और नत्थू सिंह, वार्ड 99 से हुसैन खान और विक्रम सिंह पंवार, वार्ड 101 से दुर्गेश कुमार शर्मा और विष्णु बियानी, वार्ड 140 से आशीष जोशी और भूपेंद्र कुमार मीना तथा वार्ड 145 से ज्योति और जहान्वी मिश्रा ने नामांकन दाखिल किया।
भाजपा की ओर से 11 वार्डों से 12 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें वार्ड 31 से दो नेताओं—रोनक सिंह रावत और मुकेश कुमार जांगिड़ ने नामांकन भरा है। बाकी सभी वार्डों में भाजपा की ओर से एक-एक दावेदार ने नामांकन दाखिल किया।
भाजपा की ओर से वार्ड 5 से कैलाश अग्रवाल, 7 से उर्मिला कंवर, 8 से दिव्या शर्मा, 23 से राजवीर कुमावत, 26 से सुप्यार देवी, 30 से महेश कुमार जांगिड़, 32 से लकेश चौधरी, 67 से सुमेर सिंह, 97 से कृष्णा राजावत और 144 से नवल किशोर शर्मा ने नामांकन दाखिल किया है।
दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक अधिकृत रूप से टिकटों की घोषणा नहीं की है। इसके बावजूद पार्टी के दावेदारों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। अब पार्टियों की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित होने के बाद तस्वीर साफ होगी कि इनमें से किन दावेदारों को पार्टी का चुनाव चिह्न मिलता है।
वहीं नामांकन के पहले दिन 27 अगस्त को 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें वार्ड 148, 99, 50, 12, 14, 16, 25, 31 और 40 के प्रत्याशी शामिल थे। दो प्रत्याशियों ने दो-दो नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें एक कांग्रेस और दूसरा निर्दलीय के रूप में था। कांग्रेस की ओर से अब तक किसी दावेदार को आधिकारिक तौर पर सिंबल जारी नहीं किया गया है।
नामांकन के आंकड़ों ने संकेत दे दिया है कि टिकट घोषणा से पहले ही कांग्रेस और भाजपा के भीतर दावेदारों के बीच मुकाबला तेज हो चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

