नगर निगम चुनाव: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के आवास का घेराव कर किया विरोध-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के आवास का घेराव कर किया विरोध-प्रदर्शन


जयपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। जिसके चलते सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के आवास का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा ने किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी में जमीनी स्तर पर सक्रिय और स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों अथवा करीबी नेताओं को टिकट देने की तैयारी की जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में पारदर्शिता और स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई है, ऐसे में चुनाव के समय उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजूलता मीणा ने कहा कि वह जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के जगतपुरा ब्लॉक स्थित वार्ड नंबर 64 से कांग्रेस टिकट की दावेदार हैं। यह वार्ड अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित है। उन्होंने कहा कि वह इसी वार्ड की स्थानीय निवासी और मतदाता हैं।

मीणा ने कहा कि महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष होने के नाते वह लगातार संगठन के लिए काम कर रही हैं और जमीनी स्तर पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को उठाती रही हैं। उन्होंने पार्टी के नियमों और महिला कांग्रेस कोटे को ध्यान में रखते हुए वार्ड 64 से उन्हें टिकट देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क से लेकर पार्टी के मंच तक संगठन की आवाज को मजबूती से उठाया है। ऐसे में अब जमीनी कार्यकर्ताओं को भी चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए।

कांग्रेस ने राजस्थान के निकाय चुनाव में टिकट वितरण को लेकर यह स्पष्ट किया है कि जिस वार्ड से कोई उम्मीदवार चुनाव लड़ना चाहता है, उसका उसी वार्ड का निवासी होना जरूरी होगा। पार्टी ने वार्ड बदलकर टिकट मांगने की कोशिशों को हतोत्साहित करने की बात कही है। साथ ही लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट में प्राथमिकता देने की बात कही गई है।

इसी गाइडलाइन का हवाला देते हुए मंजूलता मीणा वार्ड 64 से अपनी दावेदारी जता रही हैं। उनका कहना है कि वह वार्ड की स्थानीय निवासी और मतदाता हैं तथा संगठन में भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story