निर्जला एकादशी को नगर निगम करेगा अमृत सेवा

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी को नगर निगम करेगा अमृत सेवा


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। भूखे को भोजन और प्यासे को पानी मानव धर्म की सबसे सेवा मानी गई है। इसी को ध्यान में रखकर नगर निगम जयपुर निर्जला एकादशी को अमृत सेवा अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत नगर निगम 108 स्थानों पर आमजन के सहयोग से स्टॉल लगाएगा। इन स्थानों पर आमजन को शीतल जल, ज्यूस, दूध, शरबत, फलाहारी सहित अन्य पदार्थ आमजन को वितरित किए जाएंगे। इस अमृत सेवा के लिए आमजन निगम की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते है।

नगर निगम ने अमृत सेवा के तहत 2.5 लाख लोगों की सेवा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। निर्जला एकादशी 25 जून को है। निगम 13 निगम हेडक्वार्टर और एक मुख्यालय पर भी स्टॉल लगाएगा। निगम आमजन के सहयोग से 108 स्थानों पर स्टॉल लगाएगा। एक स्थान पर 2100 और 5100 लोगों के लिए व्यवस्था की जाएगी। इस सेवा कार्य के दौरान यातायात का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। स्टॉल ऐसे स्थानों पर लगाई जाएगी, जहां से यातायात संचालन में किसी भी प्रकार की परेशानी खड़ी न हो। इसके लिए पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। स्टॉल पर छाछ, दूध, लस्सी सहित व्रत वाले उत्पाद भी बांटे जाएंगे।

स्टॉल के लिए नगर निगम टेंट लगाने के अलावा 5 कुर्सियां, दो पंखे, चार टेबल और कचरा पात्र उपलब्ध करवाएगा। सेवा कार्यक्रम में किसी प्रकार की गदंगी ना फैले इसके लिए हर स्टॉल पर सफाई कर्मचारियों की टीम तैनात की जाएगी। टेंट 12 बाई 12 फीट की चौडाई का बनाया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि धार्मिक महत्ता के चलते ही 108 जगह चुनी गई है। हालांकि आमजन के सेवाभाव के आधार पर यह संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है। निगम पहले प्याऊ लगाता था लेकिन जयपुर में पहली बार सेवाभाव के तहत निर्जला एकादशी के व्रत पर अमृत सेवा करने जा रहा है। अमृत सेवा के दौरान यातायात का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा और जरुरत पडऩे पर यातायात पुलिस की मदद ली जाएगी। इस सेवा में हिस्सा लेने के लिए आमजन द्वारा निगम की वेबसाइट पर आवेदन किया जा सकता है। हालांकि निर्जला एकादशी पर शहरभर में ऐसे कई कार्यक्रम आमजन या सेवाभावी लोगों द्वारा पहले से ही किए जाते रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story