“राजस्थान और मध्यप्रदेश भाई-भाई”: जयपुर में सीएम मोहन यादव बोले-आपसी सहयोग से खुलेंगी विकास की नई संभावनाएं

WhatsApp Channel Join Now
“राजस्थान और मध्यप्रदेश भाई-भाई”: जयपुर में सीएम मोहन यादव बोले-आपसी सहयोग से खुलेंगी विकास की नई संभावनाएं


“राजस्थान और मध्यप्रदेश भाई-भाई”: जयपुर में सीएम मोहन यादव बोले-आपसी सहयोग से खुलेंगी विकास की नई संभावनाएं


जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जयपुर में आयोजित इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट रोड शो के दौरान राजस्थान और मध्यप्रदेश के बीच मजबूत संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों राज्य “भाई-भाई” हैं और आपसी सहयोग से विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोले जा सकते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि साझा परियोजनाएं और समन्वित प्रयास क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

जयपुर स्थित आईटीसी राजपूताना में आयोजित इस रोड शो में मुख्यमंत्री यादव ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने मध्यप्रदेश की निवेश नीतियों, प्रोत्साहन योजनाओं और औद्योगिक संभावनाओं का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने कहा कि पार्वती, कालीसिंध और चंबल रिवर लिंक प्रोजेक्ट दोनों राज्यों के साझा विकास की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जल प्रबंधन, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों को व्यापक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि निवेश केवल पूंजी का प्रवाह नहीं है, बल्कि यह रोजगार सृजन, कौशल विकास और तकनीकी साझेदारी को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश आज स्पष्ट नीतियों, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और सशक्त प्रशासनिक व्यवस्था के कारण निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन चुका है।

इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाने की घोषणा का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि इस पहल का उद्देश्य कृषि को उद्योग से जोड़ते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन और एग्री-लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं बताईं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि दोनों राज्य मिलकर विकास के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। रोड शो के दौरान उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी आयोजित की गईं, जिनमें निवेशकों को औद्योगिक नीति, प्रोत्साहन पैकेज, भूमि उपलब्धता और लॉजिस्टिक नेटवर्क की विस्तृत जानकारी दी गई। कई उद्योग समूहों ने संभावित निवेश परियोजनाओं को लेकर सरकार के साथ प्रारंभिक चर्चा भी की।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुख्यमंत्री निवास पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जनकल्याण एवं विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story