राजस्थान में भ्रष्टाचार और अराजकता का आलम : सांसद बेनीवाल

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में भ्रष्टाचार और अराजकता का आलम : सांसद बेनीवाल


जोधपुर, 13 दिसम्बर (हि.स.)। नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर भजनलाल सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में भ्रष्टाचार और अराजकता का आलम है। राजस्थान के दो साल बर्बाद हो गए। इस दौरान भ्रष्टाचार का खुला खेल खेला गया। मुख्यमंत्री का सरकारी अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जो यह साबित करता है कि राज्य सरकार का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। वे जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने राजस्थान में बीजेपी के भीतर नेतृत्व संकट पर भी चिंता जताते हुए कहा कि बीजेपी के लिए एक और बड़ी समस्या यह है कि अगर भजनलाल शर्मा को हटाया जाता है, तो उनका स्थान कौन लेगा? पार्टी के पास इस सवाल का जवाब नहीं है। राजस्थान की वर्तमान स्थिति को लेकर बेनीवाल ने कहा, राजस्थान किस दिशा में जा रहा है, यह समझ से परे है।

भारतीय जनता पार्टी ने जिन मुद्दों पर सत्ता में आने का दावा किया था, वे मुद्दे अब पूरी तरह से भुला दिए गए हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है, लेकिन कोई इसे संभालने वाला नहीं है। वहीं बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बेनीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा, बीजेपी ने दो साल में एक भी भर्ती रद्द नहीं की, जबकि एसआई भर्ती के मुद्दे पर आरएलपी ने लंबी लड़ाई लड़ी और वह भर्ती हाई कोर्ट से रद्द हुई। कांग्रेस सरकार के किए गए घोटालों पर बीजेपी ने पर्दा डालने का काम किया। दोनों पार्टियां एक-दूसरे को लूटने में लगी हुई हैं।

राजस्थान में जल्द ही बड़ा आंदोलन करने की बात कहते हुए बेनीवाल ने कहा कि हम जल्द ही राज्य की राजधानी को घेरेंगे और युवाओं और किसानों के मुद्दों पर संघर्ष करेंगे। अगर आज चुनाव हो जाए तो बीजेपी की सीटें नहीं आएंगी। वहीं, वंदे मातरम को लेकर चर्चा करते हुए बेनीवाल ने तंज कसा। कहा कि एक तरफ वंदे मातरम की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ लूथरा ब्रदर्स देश छोडक़र भाग रहे हैं। लोग इंडिगो फ्लाइट नहीं ले पा रहे हैं, जबकि लूथरा ब्रदर्स उसी फ्लाइट से विदेश जा रहे हैं। पेपर लीक मामले में बेनीवाल ने दावा किया, कई बड़े बीजेपी नेताओं के नाम इस मामले में शामिल हैं। मैं जल्द ही इनका खुलासा करूंगा, लेकिन अभी कुछ समय लगेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story