एराल में सांसद-विधायक की रात्रि चौपाल, रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों से संवाद

WhatsApp Channel Join Now
एराल में सांसद-विधायक की रात्रि चौपाल, रात्रि विश्राम कर ग्रामीणों से संवाद


चित्तौड़गढ़, 09 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गांवों में पहुंच कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने की पहल अब जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जमीनी स्तर पर असर दिखाने लगी है। इसी क्रम में सांसद सीपी जोशी एवं विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने ग्राम पंचायत ऐराल में आयोजित रात्रि चौपाल एवं ग्रामीण रथ अभियान में भाग लेकर ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गांव की गलियों में पहुंच कर ग्रामीणों से घर-घर संवाद किया। महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न समस्याएं और सुझाव जनप्रतिनिधियों के सामने रखे। सांसद और विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का गांव में रुक कर सीधे संवाद करना अपनत्व और विश्वास का संदेश देता है। रात्रि चौपाल में योजनाओं की वास्तविक स्थिति, विकास कार्यों की प्रगति एवं ग्रामीण क्षेत्र की आवश्यकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सांसद सीपी जोशी और विधायक आक्या ने कहा कि गांवों का सशक्तीकरण ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण रथ अभियान और रात्रि चौपालों के माध्यम से प्रशासनिक जवाबदेही भी मजबूत हो रही है तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस दौरान जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी मंडल अध्यक्ष भंवरसिंह खरड़ी बावड़ी, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, सहित ग्रामीण जन एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की और से गांवों में रात्रि विश्राम एवं चौपाल संवाद की शुरुआत के बाद प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आमजन का सरकार के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story