चलती रोडवेज बस में लगी आग:यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
चलती रोडवेज बस में लगी आग:यात्रियों ने कूदकर बचाई जान


जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मानसरोवर थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती राजस्थान रोडवेज की बस में अचानक आग लग गई। घटना करीब 2:40 बजे मानसरोवर रीको चौराहा के पास हुई। बस में सवार करीब 70 यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

राजस्थान रोडवेज की यह बस सिंधी कैंप से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। मानसरोवर से सांगानेर की ओर जाते समय अचानक बस से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग वायरिंग के जरिए इंजन तक पहुंच गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई, हालांकि हादसे में किसी यात्री के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story