जयपुर के यात्री करेंगे 27 किलोमीटर की सम्मेद शिखर जी की  पैदल पर्वत वंदना

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर के यात्री करेंगे 27 किलोमीटर की सम्मेद शिखर जी की  पैदल पर्वत वंदना


जयपुर, 29 मई (हि.स.)। धार्मिक पद यात्राओं एवं धार्मिक बस एवं रेल यात्राओं के माध्यम से जैन संस्कृति की रक्षा एवं धर्म प्रभावना करने के लिए समर्पित सन् 1986 में स्थापित श्री दिगम्बर जैन पद यात्रा संघ जयपुर के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान महावीर के सिद्धांतों, अहिंसा एवं शाकाहार के प्रचार प्रसार तथा सिद्ध क्षेत्रों, तीर्थ क्षेत्रों की 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर यात्री जैन धर्म के शाश्वत सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी पर्वत की 27 किलोमीटर मार्ग की वन्दना करेगें। पदयात्रा संघ के तत्वावधान में 17 जून से 28 जून तक आयोजित इस 12 दिवसीय धार्मिक बस यात्रा के लिए दुर्गापुरा के श्री दिगम्बर जैन मंदिर चन्द्र प्रभुजी में प्रवासरत दिगम्बर जैन आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर यात्रा के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ने धार्मिक बस यात्रा के लिए आशीर्वाद देते हुए कहा कि यात्राओं एवं पद यात्राओं के माध्यम से जैन संस्कृति की रक्षा के साथ जैन धर्म की प्रभावना बढती है। इससे पूर्व संरक्षक संरक्षक सुभाष चन्द जैन के नेतृत्व में श्रीफल भेट कर आचार्य संघ से आशीर्वाद प्राप्त किया।

संरक्षक सुभाष चन्द जैन ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा भक्ति, साधना, तीर्थदर्शन और आत्मिक उन्नति का अनुपम संगम होगी।

यात्रा दल के मुख्य संयोजक सुरेश ठोलिया ने बताया कि 12 दिवसीय धार्मिक यात्रा दल जयपुर से बुधवार , 17 जून को सायंकाल भट्टारक जी की नसियां से वातानुकूलित बसों द्वारा रवाना होगा। प्रचार संयोजक विनोद जैन कोटखावदा के मुताबिक यात्रा दल जयपुर से रवाना होकर कौसमा, प्रभाष गिरी, कौशांबी,मंदारगिरी, सम्मेद शिखर जी, चम्पापुर, गुणावा, नवादा, पावापुर जल मंदिर, कुण्डलपुर, नालन्दा, राजगिरी, बोध गया, कोल्हुआ पहाड, अयोध्या, अहिच्छेत्र पार्श्वनाथ होता हुआ रविवार 28 जून को वापस जयपुर लौटेगा। इस दौरान जैन धर्म के बीस तीर्थंकरों की निर्वाण स्थली शाश्वत सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी में 27 किलोमीटर की पर्वत वन्दना के लिए पैदल यात्रा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story