पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान को ठिठुराया

WhatsApp Channel Join Now
पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान को ठिठुराया


जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर राजस्थान के तापमान में गिरावट ला दी है। प्रदेश के 13 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। 2 डिग्री के साथ माउंट आबू की रात सबसे सर्द रही। इसके अलावा फतेहपुर, सीकर और शेखावाटी के आस-पास के शहरों में भी सर्दी में तेजी देखने को मिल रही है। प्रदेश के शहरों के तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, चूरू, डबोक, पिलानी, सीकर, वनस्थली, फतेहपुर, करौली, झुंझुनूं, माउंट आबू और नागौर का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर का रात का पारा 4.3 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में एक डिग्री का उछाल तो वहीं रात के तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया।

माैसम विज्ञान केंद जयुपर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4-8 डिग्री सेल्सियस व शेष अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा हैं जो कि सामान्य के आसपास है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर सीकर में 4.3 डिग्री से. दर्ज किया गया है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 10 दिन मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान तापमान में भी विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story