आईआईटी जोधपुर और मसाई में एमओयू

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी जोधपुर और मसाई में एमओयू


भविष्य की नई टेक्नोलॉजी एवं मैनेजमेंट डिग्री कार्यक्रमों के लिए गठित की साझेदारी

जोधपुर, 12 मई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर ने मसाई स्कूल के साथ मिलकर दो नए अंत:विषयक डिग्री कार्यक्रम बीएस इन मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी और एमबीए टेक्नोलॉजी शुरू करने की घोषणा की है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों और पेशेवरों को तेजी से बदलती डिजिटल अर्थव्यवस्था और तकनीक-आधारित उद्योगों के लिए तैयार करना है। यह साझेदारी ऐसे चुनिंदा उदाहरणों में शामिल है, जहां किसी आईआईटी ने निजी परिणाम-आधारित शिक्षा मंच के साथ मिलकर डिग्री कार्यक्रमों की सह प्रस्तुति की है। इन नए पाठ्यक्रमों में तकनीकी दक्षता, प्रबंधन विशेषज्ञता और मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को एकीकृत किया गया है, ताकि छात्रों को नवाचार, नेतृत्व और रोजगारोन्मुख कौशल के साथ तैयार किया जा सके।

बीएस इन मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम कक्षा 12वीं के बाद सभी शैक्षणिक पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के लिए खुला है। इसमें आठ सेमेस्टर और 141 क्रेडिट शामिल हैं, जिसमें तकनीक, प्रबंधन और सामाजिक विज्ञान का संतुलित समावेश है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप, एग्जिट विकल्प भी उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थी विभिन्न चरणों पर प्रमाण-पत्र प्राप्त कर करियर के लिए आगे बढ़ सकते हैं। एमबीए टेक्नोलॉजी कार्यक्रम पेशेवरों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें 66-क्रेडिट के पाठ्यक्रम में कार्य-एकीकृत परियोजनाएं, रणनीतिक प्रबंधन, डिजिटल एंटरप्राइज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उत्पाद-केंद्रित शिक्षा शामिल हैं।

इन कार्यक्रमों में नामांकित छात्रों को आईआईटी जोधपुर के कैंपस की सभी सुविधाओं क्लब, उत्सव, पुस्तकालय और इमर्शन अनुभव तक पहुंच प्राप्त होगी। पाठ्यक्रम पूरा करने पर उन्हें आईआईटी जोधपुर की डिग्री और पूर्व छात्र का दर्जा मिलेगा। इस दौरान आईआईटी जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल, एसोसिएट डीन, एग्जीक्यूटिव एजुकेशन डॉ. अनुज पाल कपूर, मसाई के सहसंस्थापक एवं सीईओ प्रतीक शुक्ला मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story