जैतारण में 90 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

WhatsApp Channel Join Now
जैतारण में 90 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल


जैतारण में 90 दिव्यांगजनों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल


ब्यावर, 18 अगस्त (हि.स.)। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके आवागमन को सुगम करने की दिशा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से मंगलवार को जैतारण में विशेष शिविर आयोजित किया गया। मालियों की बगीची में आयोजित शिविर में 90 पंजीकृत दिव्यांगजनों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। शिविर की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने की।

शिविर में मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी नजर आई। लिथियम-आयन बैटरी से संचालित इन ट्राईसाइकिल के जरिए दिव्यांगजन अब अपने दैनिक कार्यों के साथ बाजार, कार्यालय, प्रशिक्षण संस्थान और कार्यस्थल तक अधिक आसानी एवं स्वतंत्रता से पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें किसी अन्य व्यक्ति पर आवागमन के लिए निर्भर रहने की जरूरत भी कम होगी।

शिविर प्रभारी विशाल सिंह सोलंकी ने बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का उद्देश्य केवल दिव्यांगजनों को आवागमन का साधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें स्वावलंबी बनाना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना भी है। आधुनिक सुविधा से लैस यह वाहन दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दिव्यांगजनों को सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार सहायता दी जा रही है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण भी इसी प्रयास का हिस्सा है। शिविर में लाभान्वित हुए 90 दिव्यांगजनों के लिए यह सुविधा उनके रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाने के साथ रोजगार, प्रशिक्षण और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के नए अवसर भी उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगी।

शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को सरकार की ओर से संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल पाकर लाभार्थियों ने इसे अपने लिए सुविधा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story