पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत


जयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। मुहाना थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी के गेट नंबर-3 के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

थानाधिकारी गुरु भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बाबूलाल (30) निवासी बरेड़ी, लालसोट को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई कालूराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बाबूलाल रोज की तरह दुकान का सामान लेने मुहाना मंडी गया था। इसी दौरान गेट नंबर-3 के पास लापरवाही से चलाई जा रही पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार बाबूलाल जयपुर में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे 7, 12 और 14 वर्ष के तीन बच्चों को छोड़ गया है।

पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story