रवि पुष्य नक्षत्र पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में होगा 151 किलो दूध से पंचामृत अभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
रवि पुष्य नक्षत्र पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में होगा 151 किलो दूध से पंचामृत अभिषेक


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मोती डूंगरी स्थित भगवान श्री गणेशजी महाराज के मंदिर में रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। मंदिर प्रन्यास की ओर से आयोजित पुष्य पंचामृत अभिषेक सुबह 8 बजे प्रारंभ होगा। इस दौरान भगवान श्री गणेशजी महाराज का 151 किलो दूध, 21 किलो दही, सवा पांच किलो घी, 21 किलो बूरा, शहद, केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र और गुलाब इत्र से अभिषेक किया जाएगा।

मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि अभिषेक की शुरुआत भगवान श्री गणेशजी महाराज के गंगाजल से शुद्ध स्नान के साथ होगी। इसके बाद केवड़ा जल और गुलाब जल से अभिषेक किया जाएगा। तत्पश्चात पंचामृत अभिषेक होगा और अंत में पुनः गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे भगवान श्री गणपति सहस्त्रनाम के साथ 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे। रवि पुष्य नक्षत्र के इस अवसर को रवि पुष्य मनोकामना दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री गणेशजी महाराज नवीन पोशाक धारण करेंगे और विशेष फूल बंगले में विराजमान होंगे। भगवान को खीर का विशेष भोग भी लगाया जाएगा।

पंचामृत अभिषेक के उपरांत मंदिर आने वाले भक्तों को निःशुल्क रक्षा सूत्र वितरित किए जाएंगे। मंदिर में होने वाले इन विशेष धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story