मां-बेटी 25 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा, वरघोड़ा निकाला

WhatsApp Channel Join Now
मां-बेटी 25 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा, वरघोड़ा निकाला


जोधपुर, 17 नवम्बर (हि.स.)। फॉक्सवैगन कंपनी की ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर अक्षिता बजाज (36) अपनी मां शिरोमणी (61) के साथ चेन्नई में 25 नवंबर को दीक्षा लेने जा रही है। मंगलवार को जोधपुर में उनका वरघोड़ा निकाला गया। इस दौरान कई संस्था-संगठनों की ओर से उनका स्वागत किया गया।

इस दौरान अक्षिता बजाज ने बताया कि मुझे ये फैसला लेने में करीब 4 साल का समय लगा। दिसंबर 2024 के बाद मैंने जैन संतों और साध्वियों के साथ विहार किया और उनके बारे में जाना। अक्षिता ने कहा कि एआई हमारी सोच को खत्म कर रहा है। इसलिए जब एआई आया तो मैंने सोच लिया था कि मुझे एआई की तरफ नहीं बढऩा है। जैन धर्म हमें सोचने को मजबूर करता है। जब उनसे पूछा गया सुखी और सुशील संसार को छोडक़र ये रास्ता क्यों चुना तो कहा- न संसार सुखी है, न सुशील है। 12 साल में दुनिया बदलते देखी है। जिस परिस्थिति में हम खड़े हैं, हमें पता है कितने जीवों की हत्या हुई है।

दीक्षा और संयम ऐसा रास्ता है, जहां सूक्ष्म जीवों की भी रक्षा होती है। जॉब करते-करते पता चला कि कहां चीजें गलत हो रही हैं। कैसे ठीक हो सकती हैं। इस रास्ते में कष्ट है। लेकिन, इस सांसारिक जीवन का सुख और संयम पथ से तुलना नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा- मां से ही धर्म आता है और यहीं से खत्म होता है। मेरी मां ने ही मुझे धर्म सिखाया है। मुझे ये निर्णय लेने में चार साल का समय लगा। लेकिन 2024 दिसंबर के बाद से मैंने साधु और साध्वियों की दिनचर्या को देखा और समझा। 10 महीने तक मैंने विहार भी किया।

बता दें कि अक्षिता ने साध्वी बनने के लिए मल्टीनेशनल कंपनी फॉक्सवैगन की 50 लाख सालाना पैकेज की जॉब छोड़ दी। वे कंपनी में ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर की पोस्ट पर थी। वहीं, मां शिरोमणी ने 37 साल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में नौकरी की और चीफ मैनेजर से रिटायर हुईं। दोनों पंजाबी हिंदू हैं और अब जैन साध्वी बनेंगी। अक्षिता ने एमटेक के बाद आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए की पढ़ाई की। करीब 12 साल कई मल्टीनेशल कंपिनयों में नौकरी की। अक्षिता की मां शिरोमणी ने बताया- परिवार पहले से जानता था कि उनका झुकाव आध्यात्मिकता की ओर है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में 37 साल तक जॉब की और साल 2025 में चीफ मैनेजर से रिटायर हुई। नौकरी और सांसारिक जिम्मेदारियों के बाद उन्होंने वैराग्य का मार्ग चुनने का निर्णय लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story