पैरा नेशनल से पहले खिलाड़ी ओम प्रकाश विश्नोई को मिली विशेष व्हीलचेयर

WhatsApp Channel Join Now
पैरा नेशनल से पहले खिलाड़ी ओम प्रकाश विश्नोई को मिली विशेष व्हीलचेयर


बीकानेर, 03 अगस्त (हि.स.)। आगामी 9 अगस्त से इंदौर में आयोजित होने वाली पैरा नेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे बीकानेर के खिलाड़ी ओम प्रकाश विश्नोई को प्रतियोगिता से पहले खेल के लिए विशेष व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इससे उनके अभ्यास और प्रतियोगिता की तैयारियों को नई मजबूती मिली है।

दोनों पैरों से दिव्यांग ओम प्रकाश विश्नोई ने एक कार्यक्रम के दौरान टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों को बताया था कि उपयुक्त स्पोर्ट्स व्हीलचेयर नहीं होने के कारण उन्हें अभ्यास और प्रतियोगिताओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद एसएमएस दिव्यांग संस्थान की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया की सहमति से राजकीय चिकित्सालय, आरसीपी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में ओम प्रकाश को उनकी आवश्यकता के अनुरूप खेल के लिए उपयोगी व्हीलचेयर भेंट की गई। वरिष्ठ चिकित्सक की उपस्थिति में उन्हें व्हीलचेयर सौंपी गई।

नई व्हीलचेयर मिलने पर भावुक ओम प्रकाश विश्नोई ने कहा कि वह पैरा नेशनल चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर बीकानेर और प्रदेश का नाम रोशन करने का पूरा प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर एसएमएस दिव्यांग संस्थान की अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया, समाजसेवी लक्ष्मण रामावत, वरिष्ठ उद्यमी एवं समाजसेवी सतपाल कंसल, चिकित्सा केंद्र के चिकित्सक एवं स्टाफ, टीम नेशन फर्स्ट फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य दिलीप गुप्ता, पंकज कंसल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने ओम प्रकाश विश्नोई को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story