चलती कार बनी आग का गोला
जोधपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। शहर के बनाड़ थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर जाजीवाल कला के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से धुआं निकलता देख ड्राइवर और उनके रिश्तेदार ने सूझबूझ दिखाई। गाड़ी रोककर तुरंत बाहर निकल गए। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई।
बनाड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग के अनुसार खेड़ी निवासी राजू जाखड़ अपनी महिंद्रा डीजल कार से भोपालगढ़ हाईवे पर जा रहे थे। रेलवे फाटक से करीब आधा किलोमीटर दूर जाजीवाल कला के पास अचानक कार के बोनट से धुआं उठने लगा। इस पर चालक ने तुरंत कार को सडक़ किनारे खड़ा किया और अपने साथी के साथ नीचे उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके उतरते ही कार धूं-धूं कर जलने लगी।
पुलिस को दोपहर करीब डेढ़ बजे कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बनाड़ थाने की चेतक टीम मौके पर पहुंची। इसके कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा और भीतरी केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में आग का कारण शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

