राजस्थान में आज 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में आज 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट


जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून की विदाई से पहले मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में आज भी 23 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी है। बुधवार को भी कई जिलों में छितराई बारिश का दौर जारी रहा। राजसमंद, पाली, करौली, जोधपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। श्रीगंगानगर में तेज हवा के साथ हुई तूफानी बारिश के दौरान ओले भी गिरे, जिससे मौसम ने अचानक करवट ली।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 19 सितंबर से राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई है। हालांकि, विदाई से पहले प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम में बदलाव के बीच सितंबर में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच रहा है। इससे एक ओर बारिश और दूसरी ओर तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।

पिछले 24 घंटे के दौरान राजसमंद, सीकर, ब्यावर, करौली, कोटा, जोधपुर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और पाली सहित कई जिलों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर करीब दो इंच तक पानी बरसा। श्रीगंगानगर और बीकानेर में बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं।

श्रीगंगानगर में कुछ जगहों पर ओले गिरने से मौसम का मिजाज और भी बदल गया।

प्रदेश में बारिश का दौर चलने के बावजूद बीकानेर संभाग के जिलों में बुधवार को तेज गर्मी का असर रहा। दिन का सबसे अधिक तापमान झुंझुनूं के पिलानी में 40.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। श्रीगंगानगर और चूरू में तापमान 39.8 डिग्री, जबकि बीकानेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सितंबर के महीने में भी तापमान का 40 डिग्री के करीब बने रहना मौसम के बदलते तेवर को दर्शा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story