पूर्वी राजस्थान पर पांच दिन मानसून रहेगा मेहरबान, पश्चिम में बेरुखी

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वी राजस्थान पर पांच दिन मानसून रहेगा मेहरबान, पश्चिम में बेरुखी


जयपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मानसूनी तंत्र के कमजोर पडऩे से आगामी 5 दिन तक पूर्वी राजस्थान में तो हल्की बारिश का दौर चलता रहेगा, वहीं पश्चिम में बारिश की गतिविधियां मंद पड़ जाएगी। 8 अगस्त तक उत्तर-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां जारी रहने और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में बारिश के गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। सोमवार को जयपुर सहित करीब 18 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश श्रीगंगानगर में 62 मिमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, चित्तौडग़ढ़, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, जालोर, करौली सहित अन्य शहरों में बारिश हुई। सोमवार को 39.9 डिग्री के साथ श्रीगंगानगर का दिन और 30.6 डिग्री के साथ संगरिया की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सोमवार कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र के रूप में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर अवस्थित है। मानसून ट्रफ लाइन आज बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ से होकर गुजर रही है। रविवार को राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश जबकि अजमेर, पाली, ब्यावर, भीलवाड़ा, जोधपुर, नागौर व राजसमंद जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश जैतारण में 161 मिमी दर्ज की गई है। मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर शिफ्ट होने से सोमवार को भरतपुर, जयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। 4-5 अगस्त को भी राज्य के उत्तरी व पूर्वी भागों में हल्की मध्यम बारिश दर्ज होने व शेष अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। 6 से 8 अगस्त के दौरान उत्तर-पूर्वी एवं पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने एवं पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में बारिश के गतिविधियों में कमी देखने को मिलेगी। जयपुर में दिनभर चली सावन की फुहारें जयपुर में सोमवार को दिनभर सावन की फुहारों का दौर देखने को मिला। जयपुर में सुबह शुरू हुआ बारिश का दौर रुक-रुक कर शाम तक चलता रहा। सावन के पहले सोमवार को इंद्रदेव ने महादेव का खूब अभिषेक किया। बारिश से जयपुर के पारे में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश नरैना में 27 मिमी दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story