मानसून अवधि में आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता : आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
मानसून अवधि में आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता : आयुक्त


धौलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मानसून अवधि के दौरान संभावित अतिवृष्टि, जलभराव, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिला कलक्टर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

धौलपुर में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बैठक में जिले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में संभागीय आयुक्त ने जिले में मानसून पूर्व किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख नालों एवं ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान तथा वहां किए गए निवारक उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान जिले के सभी बांधों, एनीकटों एवं जलाशयों की वर्तमान जलधारण क्षमता, जलस्तर, सुरक्षा व्यवस्था तथा गेटों की कार्यशीलता का परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर नियंत्रित एवं सुरक्षित जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य विभागों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पूर्ण तैयार रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बैठक के उपरांत संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून अवधि के दौरान सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, नियंत्रण कक्ष सक्रिय है जिसका दूरभाष नंबर 05642-220033 है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story