राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट


राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट


जयपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को भरतपुर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई तो कहीं तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश और बादलों के असर से जयपुर, दौसा समेत कई शहरों के तापमान में गिरावट आ गई, जिससे गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर 15 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश से लगे क्षेत्र में सक्रिय है। इसके अगले 24 घंटे में मध्य भारत से होकर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, सीकर, बूंदी, बारां और झालावाड़ के कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर दो इंच तक पानी बरसा। अलवर के कोटकासिम में सबसे अधिक 45 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

तेज बारिश के कारण अलवर, सवाई माधोपुर और दौसा के कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।

एक ओर पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर शुरू हुआ है, वहीं पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में बारिश थमने तथा पश्चिमी हवा चलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार को बीकानेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

चूरू और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के इस दोहरे मिजाज से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में राहत तो पश्चिमी इलाकों में गर्मी का असर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story