मानसून के मद्देनजर उत्तर पश्चिम रेलवे अलर्ट, अंडरपासों में जलभराव से निपटने के किए विशेष इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
मानसून के मद्देनजर उत्तर पश्चिम रेलवे अलर्ट, अंडरपासों में जलभराव से निपटने के किए विशेष इंतजाम


जयपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। मानसून के दौरान भारी बारिश की संभावना को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने सुरक्षित रेल संचालन और रेलवे अंडरपासों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत चिन्हित अंडरपासों की चौबीसों घंटे निगरानी, जल निकासी के लिए पम्पों की व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के उपाय किए गए हैं।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे अमित सुदर्शन ने बताया कि पूर्व वर्षों के अनुभव के आधार पर जिन रेलखंडों में अत्यधिक वर्षा की संभावना रहती है, वहां विभिन्न स्तरों पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ट्रैक के नीचे मिट्टी के कटाव की स्थिति से निपटने के लिए मिट्टी के कट्टे, रोड़ी सहित अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मरम्मत कर रेल संचालन सुचारु रखा जा सके। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान भारी बारिश के कारण रेलवे अंडरपासों में जलभराव होने से सड़क उपयोगकर्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए जलभराव वाले चिन्हित अंडरपासों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इन अंडरपासों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है तथा भारी बारिश या आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति में सड़क यातायात को रोकने और लोगों को सतर्क करने के लिए स्थायी चौकीदार तैनात किए गए हैं।अमित सुदर्शन ने बताया कि जलभराव वाले रोड अंडर ब्रिज और अंडरपासों पर रेड क्रॉस तथा ‘स्टॉप’ संकेतक लगाए गए हैं। इसके अलावा अंडरपासों में जमा पानी की शीघ्र निकासी के लिए पम्प लगाए गए हैं। निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए स्थानीय निकायों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षित रेल संचालन के साथ-साथ सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Share this story