राजस्थान में मानसून अंतिम दौर में, 26 जिलों में आज यलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में मानसून अंतिम दौर में, 26 जिलों में आज यलो अलर्ट


राजस्थान में मानसून अंतिम दौर में, 26 जिलों में आज यलो अलर्ट


जयपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में मानसून अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अजमेर, पाली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के साथ चली हवाओं और छाए बादलों के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट आ गई।

मौसम विज्ञान केन्द्र ने 19 सितंबर से राजस्थान के पश्चिमी छोर से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पाली जिले के देसूरी में 24 मिलीमीटर मापी गई। अजमेर, भरतपुर, कोटा, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, माउंट आबू, डूंगरपुर, जालोर, राजसमंद और नागौर के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई। पाली में हुई बरसात से तेज गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली।

मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के समय हल्के बादल छाए रहे और हवाएं चलीं। वातावरण में नमी रहने से कई शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। सिरोही, डूंगरपुर, उदयपुर और अजमेर में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में मापा गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आया कम दबाव का क्षेत्र अब गुजरात के कच्छ के आसपास स्थित है।

इसके प्रभाव से राजस्थान में बुधवार और गुरुवार को भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कमजोर होने के संकेत दे रही है।

मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। इसके लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। पश्चिमी हवाएं मजबूत हो रही हैं और हरियाणा, दिल्ली तथा राजस्थान की सीमा के आसपास प्रतिचक्रवाती परिसंचरण बनने लगा है। जैसलमेर और पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से बारिश की गतिविधियां थमी हुई हैं। इन परिस्थितियों को मानसून की वापसी के अनुकूल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story