दो सप्ताह बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून, 33 जिलों में यलो अलर्ट, अगले तीन दिन तेज बारिश के आसार
जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में करीब दो सप्ताह के ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को जयपुर, उदयपुर, अलवर, भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौड़गढ़, दौसा और सीकर समेत कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी जयपुर में देर शाम शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह तक जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों ने राहत महसूस की। बीते 24 घंटों में करौली जिले के टोडाभीम में सर्वाधिक 32 मिमी वर्षा मापी गई।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में बनी हुई है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली मानसूनी हवा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सक्रिय हो रही हैं। मंगलवार को कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। बुधवार से मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। विभाग ने कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में व्यापक वर्षा की संभावना जताई है। विशेष रूप से जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
बारिश की वापसी के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। श्रीगंगानगर सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बीकानेर में भी तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
जयपुर में अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 34.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं सीकर में 38 डिग्री, अजमेर में 36 डिग्री, जोधपुर में 36 डिग्री और कोटा में 32.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
उदयपुर में हल्की बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा और अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अलवर में सोमवार को करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं उदयपुर में लगभग दस दिन बाद हुई बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। जोधपुर में लंबे समय से बारिश का इंतजार बना हुआ है, हालांकि मौसम विभाग ने 22 से 26 जुलाई तक जिले में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की नई सक्रियता से प्रदेश में वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकेगी और खरीफ फसलों को भी लाभ मिलेगा। अगले कुछ दिनों में अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

