मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ


मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ


अलवर, 12 जून (हि.स.)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को अलवर के नवीन सूचना केंद्र (पीआरओ कार्यालय) में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव तथा वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने फीता काटकर किया। ‘12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ विषय पर आधारित यह प्रदर्शनी 14 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल जनसेवा, समर्पण और सशक्त नेतृत्व का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास को नई गति दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री भपंग वादक गफरुद्दीन खान मेवाती और उनके दल ने लोकगीतों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रस्तुत किया। वहीं जिला पंच गौरव अभियान के तहत ‘एक जिला-एक खेल’ पहल के अंतर्गत कुश्ती का लाइव प्रदर्शन भी आयोजित किया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों को फ्लेक्स एवं स्टैंडी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ बनाया गया सेल्फी पॉइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बड़ी संख्या में युवाओं और आमजन ने सेल्फी ली। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का अवलोकन आमजन 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक कर सकेंगे।

कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार

Share this story