मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय - संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल
बालोतरा, 14 जून (हि.स.)। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बालोतरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लघु उद्योग मंडल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषयक प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लिया तथा पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।
जोगाराम पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के इतिहास में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम कालखंड के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों तक लगातार देश की सेवा कर लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक निरंतर कार्य करने का रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह उपलब्धि देशवासियों के विश्वास, जनभागीदारी और लोकतंत्र की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के. के. विश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति को केंद्र में रखकर कार्य किया है। गरीब कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जनधन खातों का विस्तार, शौचालय निर्माण, घर-घर बिजली पहुंचाने तथा हर घर नल से जल जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और परिवहन सुविधाओं का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है, जिसकी सराहना वैश्विक स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

