बाड़मेर में 2.94 करोड़ से तैयार हुआ आधुनिक गुड्स शेड, माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बाड़मेर में 2.94 करोड़ से तैयार हुआ आधुनिक गुड्स शेड, माल परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार


बाड़मेर, 27 नवंबर (हि.स.)। बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर 2.94 करोड़ रुपये की लागत से नया गुड्स शेड बनकर तैयार हो गया है। इससे बाड़मेर और आसपास के क्षेत्र के व्यापारियों को रेलवे के जरिए माल परिवहन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित इस गुड्स शेड से माल की लोडिंग और अनलोडिंग की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि नए गुड्स शेड में श्रमिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। उनके लिए लेबर रूम बनाया गया है, जहां बैठने के लिए बेंच, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं, व्यापारियों की जरूरतों को देखते हुए मर्चेंट रूम और मुख्य माल पर्यवेक्षक रूम भी तैयार किए गए हैं। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की सरफेसिंग और एप्रोच रोड का निर्माण भी करवाया गया है। उन्होंने बताया कि गुड्स शेड को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है, जिससे पूरे परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकेगा।

नए गुड्स शेड के तैयार होने से बाड़मेर क्षेत्र के व्यापारियों को माल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग के लिए सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे श्रमिकों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। रेलवे की इस पहल से क्षेत्र में माल परिवहन को प्रोत्साहन मिलने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story