नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर मोबाइल कोर्ट की सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर मोबाइल कोर्ट की सख्ती


जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई) में मोबाइल कोर्ट के माध्यम से विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास करने वाली एक कार को जब्त किया गया, जबकि शराब के नशे में बस और ट्रैक्टर चला रहे चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए दोनों वाहन जब्त कर लिए गए। यह विशेष अभियान अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार सिरोहीवाल के निर्देशन में सीकर रोड स्थित रोड नंबर-12, वीकेआई क्षेत्र में चलाया गया। अभियान के दौरान छोटे-बड़े सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई।

सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) दिनेश लोहिया ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस और मोबाइल कोर्ट की टीम को देखकर कार (आरजे-45 सीवी-9282) के चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और कार जब्त कर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।

चेकिंग के दौरान एक बस (आरजे-23 पीबी-8508) और ट्रैक्टर (आरजे-23 आरवी-1805) के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें दोनों चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इस पर मोबाइल कोर्ट ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा-185 के तहत दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

एपीओ दिनेश लोहिया ने कहा कि सड़क पर आमजन की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न्यायालय के निर्देश पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि जयपुर के विभिन्न संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्रों में मोबाइल कोर्ट द्वारा बस, ट्रक, ट्रैक्टर, कार, टैक्सी और दोपहिया वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले प्रत्येक वाहन चालक के खिलाफ बिना किसी रियायत के नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story