एमएलएसयू में इंटरनेशनल रिसर्च जर्नल ‘शोध उन्नयन’ का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
एमएलएसयू में इंटरनेशनल रिसर्च जर्नल ‘शोध उन्नयन’ का विमोचन


उदयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवरसिटी (एमएलएसयू) उदयपुर के कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने शुक्रवार को इंटरनेशनल रिसर्च जर्नल ‘शोध उन्नयन’ के दूसरे अंक के चतुर्थ इशू का औपचारिक विमोचन किया गया। यह जर्नल राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस रिसर्च, जयपुर द्वारा प्रकाशित किया जाता है।

विमोचन कार्यक्रम विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित वीसी चैंबर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष एवं ‘शोध उन्नयन’ के प्रधान संपादक डॉ. शैलेन्द्र मौर्य ने बताया कि जर्नल का उद्देश्य विभिन्न विषयों में हो रहे नवीन शोध कार्यों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे शोधार्थियों और शिक्षाविदों को अपने विचार और शोध निष्कर्ष साझा करने का अवसर मिल सके।

कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने जर्नल के प्रकाशन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शोध प्रकाशन अकादमिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने और शोध संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में एमएलएसयू के उप-कुलसचिव मुकेश बारबर, कंप्यूटर सेंटर के निदेशक अविनाश पंवार, विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. सी.पी. जैन, संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. नीरज शर्मा, विधि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. आनंद पालीवाल तथा प्रवीण सिंह सारंगदेवोत सहित कई शिक्षाविद् उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जर्नल की विषयवस्तु और शोध योगदानों पर भी चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story