छात्रसंघ चुनाव सहित विभिन्न मांगों को लेकर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
छात्रसंघ चुनाव सहित विभिन्न मांगों को लेकर सुखाड़िया विश्वविद्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल


उदयपुर, 4 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों ने आंदोलन तेज कर दिया है। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के बाहर छात्र नेता कुणाल सेन, सूरज सिखवाल और जेके मीणा सोमवार शाम से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता कुणाल सेन ने साइंस कॉलेज के जूलॉजी एवं फूड साइंस विभाग के एक प्रोफेसर पर छात्र-छात्राओं तथा गेस्ट फैकल्टी के साथ प्रताड़ना करने के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कुलपति और रजिस्ट्रार को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है तथा मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

छात्र नेताओं की प्रमुख मांगों में विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव दोबारा शुरू कराना शामिल है। उनका कहना है कि लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व समाप्त हो गया है और छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला कोई मंच नहीं बचा है।

आंदोलनकारी लंबित इंटरनल एवं एक्सटर्नल परीक्षाएं एक महीने के भीतर आयोजित कराने की भी मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय पर परीक्षाएं नहीं होने से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने की आशंका है।

छात्र नेता सूरज सिखवाल ने विश्वविद्यालय में छात्रसंघ शुल्क का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई। वहीं छात्र नेता जेके मीणा ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए आंदोलनकारियों पर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, लेकिन इससे आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक छात्रहित से जुड़ी सभी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल और आंदोलन जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story