उदयपुर विधायक ताराचंद जैन ने खांजीपीर और आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर विधायक ताराचंद जैन ने खांजीपीर और आयड़ को बताया ‘मिनी पाकिस्तान’


उदयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन द्वारा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में खांजीपीर और आयड़ क्षेत्रों को लेकर दिया गया बयान चर्चा में आ गया है। विधायक ने इन इलाकों को ‘मिनी पाकिस्तान’ बताते हुए दावा किया कि पूर्व में ये क्षेत्र अपराधियों की शरणस्थली बन गए थे, हालांकि अब वहां की स्थिति में सुधार हुआ है।

सेक्टर-14 स्थित आशीष वाटिका में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक जैन ने कहा कि उदयपुर शहर में प्रवेश के प्रमुख मार्गों का जिक्र करते हुए खांजीपीर क्षेत्र की स्थिति पहले अलग थी। उन्होंने कहा कि खांजीपीर में अपराधियों को शरण मिलने की स्थिति थी, लेकिन अब वहां डीवाईएसपी कार्यालय शुरू होने के बाद हालात में बदलाव आया है।

विधायक ने दावा किया कि यदि खांजीपीर पुलिस चौकी क्षेत्र के पिछले 10 वर्षों के अपराधों का आंकड़ा देखा जाए तो शहर के कुल अपराधों में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत तक सामने आ सकती है। उन्होंने आयड़ क्षेत्र का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी पहले ऐसी ही स्थिति थी, लेकिन अब हालात सुधर रहे हैं।

सम्मेलन में नगर निगम चुनाव को लेकर भी विधायक ताराचंद जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शहर के प्रमुख वार्डों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।

टिकट वितरण के मुद्दे पर विधायक ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की राय और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों का चयन करेगी। उन्होंने कहा कि टिकट चयन में किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।

विधायक ने पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया और कहा कि कटारिया ने मुखर्जी चौक पर हुए विकास कार्यों की सराहना की है।

सम्मेलन के दौरान विधायक के खांजीपीर और आयड़ क्षेत्रों को लेकर दिए गए ‘मिनी पाकिस्तान’ वाले बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story