योग दिवस पर सिविल लाइंस को विधायक ने दी दो नए योग केंद्रों की सौगात
जयपुर, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने श्याम नगर क्षेत्र के विवेक विहार स्थित अहिंसा पार्क में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से निर्मित दो नए योग साधना केंद्रों का लोकार्पण किया। विधायक शर्मा ने अहिंसा पार्क, विवेक विहार तथा कृष्णा पार्क, श्याम नगर में कुल 15 लाख रुपए की लागत से विकसित योग साधना केंद्रों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को स्वस्थ जीवनशैली की महत्वपूर्ण सौगात दी। इन केंद्रों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को बरसात और तेज धूप में भी नियमित योग, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को नियमित योग अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में निवर्तमान पार्षद एवं चेयरमैन पवन शर्मा नटराज, मंडल अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक सुभाष शर्मा, न्यू सांगानेर रोड व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश यादव, मनस योगा गुरु डॉ. प्रेम मेहता सहित श्याम नगर मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बनीपार्क मंडल द्वारा राष्ट्रपति मैदान, शास्त्री नगर; सिविल लाइंस मंडल द्वारा गणेश पार्क तथा शांति नगर मंडल द्वारा कमला नेहरू नगर स्थित भैरुजी पार्क में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

