विपक्ष महिलाओं के नेतृत्व के खिलाफ : विधायक दीप्ति माहेश्वरी

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष महिलाओं के नेतृत्व के खिलाफ : विधायक दीप्ति माहेश्वरी


उदयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं के अधिकारों को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश की आधी आबादी को आगे बढ़ते हुए नहीं देखना चाहता और महिलाओं को राजनीति में नेतृत्व की भूमिका से दूर रखने की कोशिश कर रहा है।

उदयपुर के भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक माहेश्वरी ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विपक्ष द्वारा विरोध करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट करता है कि विपक्ष महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में आने से रोकना चाहता है।

विधायक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी महिलाओं के हित में आए इस विधेयक का विरोध करना दु:खद है। उनके अनुसार यदि शासन और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तो प्रशासन अधिक पारदर्शी और मजबूत बनेगा तथा भ्रष्टाचार में भी कमी आएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान उदयपुर भाजपा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवालों को विधायक ने भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी में महिलाओं को पूरा सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जा रहे हैं तथा संगठन में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

विधायक माहेश्वरी ने कहा कि विपक्ष की बाधाओं के बावजूद महिलाओं के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में उचित प्रतिनिधित्व अवश्य मिलेगा। इस दौरान भाजपा नेता पूर्व महापौर रजनी डांगी, किरण तातेड़, प्रतिभा नागदा सहित कई स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story