मंत्रालयिक कर्मचारी अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर
झालावाड, 10 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष राजसिंह चौधरी के आह्वान पर दस अप्रेल से राजस्थान के 75 हजार मंत्रालयिक कर्मचारी के साथ झालावाड जिले के सभी विभागों के मंत्रालयिक कर्मचारी भी ग्यारह सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर चले गए। इस मामले में कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा।
महासंघ जिलाध्यक्ष अजय कुमार यादव की अगुवाई में अपनी मांगों का ज्ञापन देकर बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस वर्ष के बजट से मंत्रालयिक कर्मचारी आशा कर रहे थे कि मंत्रालयिक कर्मचारियों की मांगों की घोषणा होगी। मंत्रालयिक कर्मचारियों की वेतन विसंगति पर बनी खेमराज कमेटी ने बजट से पूर्व अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी, लेकिन सरकार परीक्षण के नाम पर इसमें लगातार देरी कर रही है। महामंत्री दीपक गुप्ता ने बताया कि पदोन्नति के प्रथम पद वरिष्ठ सहायक की ग्रेड पे समकक्ष अन्य कैडर यथा ग्राम विकास अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक के अनुरूप 2800 के स्थान पर 3600 की जाए। सहायक प्रशासनिक अधिकारी की ग्रेड पे 4200, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी (राजपत्रित अधिकारी) की ग्रेड पे 4800, प्रशासनिक अधिकारी की ग्रेड पे 6600 एवं संस्थापन अधिकारी की ग्रेड पे 7600 करने समेत अन्य मांगे शामिल हैं।
हिंदुस्थान समाचार/बलबहादुर/संदीप

