संसदीय कार्य मंत्री ने मण्डलेश्वर महादेव का किया दुग्धाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
संसदीय कार्य मंत्री ने मण्डलेश्वर महादेव का किया दुग्धाभिषेक


जोधपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सावन महीने के पहले सोमवार को मण्डलनाथ स्थित मण्डलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का दुग्धाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मंत्री जोगाराम पटेल ने मंदिर परिसर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करते हुए भगवान शिव से प्रदेश में अच्छी बारिश, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है, और इस अवसर पर की गई पूजा समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को मजबूत करती है।

मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक और पूजन संपन्न कराया। पूजा के बाद मंत्री पटेल ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और सभी को सावन के प्रथम सोमवार की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जोधपुर के पूर्व जिला प्रमुख पूनाराम चौधरी और पूर्व सरपंच महेंद्रसिंह भी मंत्री पटेल के साथ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भगवान मण्डलेश्वर महादेव के समक्ष प्रदेश की उन्नति, सामाजिक सौहार्द, किसानों की खुशहाली तथा आमजन के सुखद जीवन की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story