ऐतिहासिक कानून का विरोध कर विपक्ष ने महिला विरोधी मानसिकता उजागर की: केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम
बीकानेर, 26 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने रविवार काे बीकानेर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने पत्रकाराें से कहा कि महिलाओं को संसद एवं विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस ऐतिहासिक कानून का विरोध कर विपक्ष ने एक बार फिर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब देश की मातृशक्ति को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का अवसर आया तो विपक्षी दलों ने बहानेबाजी, भ्रम फैलाने और प्रक्रिया को बाधित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को कमजोर करने और महिलाओं के अधिकारों को टालने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।
मेघवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक बिल नहीं, बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों और उनकी भागीदारी का प्रतीक है। ऐसे में विपक्ष द्वारा इस विषय पर नकारात्मक राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को उनका संवैधानिक हक दिलाने का कार्य किया है, जबकि विपक्ष वर्षों तक केवल राजनीति करता रहा। मेघवाल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं और नारी शक्ति वंदन अधिनियम उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण अध्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल महिलाओं के अधिकारों पर केवल राजनीति करते हैं, जबकि वास्तविक सशक्तिकरण के प्रयासों का विरोध करते हैं। यह बिल महिलाओं के लिए ऐतिहासिक अवसर था जिसे विपक्ष ने गंवा दिया। विपक्ष का विरोध यह दर्शाता है कि वे महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया आज की प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, राजेंद्र पंवार, प्रभारी ओम सारस्वत, कमल गहलोत उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

