मंत्री मदन दिलावर का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- देश विरोधियों के सरगना
कोटा, 22 मई (हि.स.)। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें देश विरोधियों का सरगना बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश की छवि खराब करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करते हैं।
मंत्री दिलावर शुक्रवार को रामगंजमंडी में 200 बेड के नए जिला अस्पताल के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान ओम बिरला भी मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि राहुल गांधी देश को तोड़ने और विदेशों में भारत की बुराई करने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आतंकवादियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं और प्रधानमंत्री को गद्दार, चोर और बेईमान कहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से नीच और निकम्मा इस देश में कोई दूसरा व्यक्ति नहीं हो सकता। यह देश के साथ गद्दारी है।
मंत्री दिलावर ने अपने भाषण में बटला हाउस एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने खुद कहा था कि आतंकवादियों की मौत पर उनकी मां रातभर रोती रहीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा देश विरोधी ताकतों का समर्थन करती रही है। मदन दिलावर ने कहा कि देश की जनता कभी भी आतंकवादियों या गद्दारों के हाथ में सत्ता नहीं सौंपेगी। उन्होंने दावा किया कि लगातार चुनावों में हार के बाद कांग्रेस बौखला गई है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में कांग्रेस की हार का जिक्र करते हुए कहा कि देश में राष्ट्रवादी सोच मजबूत हो रही है और जनता देशभक्त नेतृत्व के साथ खड़ी है। दिलावर ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साफ हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मंदिर निर्माण रोकने की कोशिश की, लेकिन अंततः करोड़ों श्रद्धालुओं का सपना पूरा हुआ।
इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि अब वहां अनुसूचित जाति वर्ग और महिलाओं को आरक्षण तथा हिंदुओं को मतदान का अधिकार मिला है।
कार्यक्रम में ओम बिरला और मंत्री दिलावर ने नए जिला अस्पताल का भूमि पूजन किया। करीब 63.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह 200 बेड का अस्पताल डेढ़ साल में तैयार होने की उम्मीद है। अस्पताल बनने से रामगंजमंडी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

