मिनी बस ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मिनी बस ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत तीन की मौत


करौली, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले में बुधवार सुबह तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक सवार तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। श्रीमहावीरजी थाना क्षेत्र के दुब्बी रोड पर सुबह हुए भीषण हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मिनी बस को जब्त कर आरोपित चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पिलौदा थाना क्षेत्र के किशोरपुरा गांव निवासी भगवत (60) अपनी पत्नी भगवानी कोली (55) और रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण कोली (28) के साथ बाइक पर बालघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुब्बी रोड पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बालघाट थाना, श्रीमहावीरजी थाना और हिंडौन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की जानकारी जुटाई।

हिंडौन से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक भी मौके पर पहुंचे।

उधर, तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। अपनों के शव देखकर परिजनों में आक्रोश फैल गया।

गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों शवों को सड़क पर रख दिया और जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से समझाइश की तथा आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे परिजन पोस्टमॉर्टम कराने के लिए सहमत हुए।

हादसे के बाद मिनी बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और मिनी बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही फरार चालक की तलाश में जुटी है।

एक ही हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत से किशोरपुरा और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story