मिलावटखोरों पर सख्ती:  खाद्य सुरक्षा विभाग टीम  ने जयपुर की डेयरियों पर मारे छापे

WhatsApp Channel Join Now
मिलावटखोरों पर सख्ती:  खाद्य सुरक्षा विभाग टीम  ने जयपुर की डेयरियों पर मारे छापे


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाते हुए जयपुर जिले में विभिन्न डेयरियों और दूध संग्रह केंद्रों पर औचक निरीक्षण किए। कार्रवाई के दौरान गाय के दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि गठित विशेष संयुक्त दल ने यह कार्रवाई की। विभाग द्वारा दूध में मिलावट करने वाले विक्रेताओं, संग्रहकर्ताओं और मिलावटी दूध लेने वाली डेयरियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 10 जून को जाहोता स्थित फार्मर मिल्क डेयरी का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (एफएसएस एक्ट) के तहत गाय के दूध का नमूना लिया। इसके बाद रामपुरा स्थित जयपुर गो संवर्धन समिति में देर रात निरीक्षण कर वहां से भी दूध का नमूना संग्रहित किया गया। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए संयुक्त दल ने गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे ढाणी शेरावातों में शिव कुमार जाट के यहां पहुंचकर गाय के दूध का नमूना जांच के लिए लिया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे।

विभाग ने बताया कि मिलावटी दूध के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण द्वारा चार विशेष खाद्य सुरक्षा दल गठित किए गए हैं। ये दल दूध उत्पादकों, संग्रहकर्ताओं और विक्रेताओं से संबंधित सूचनाएं एकत्र कर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखेंगे तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करेंगे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story