हादसे में मेवाड़ के भजन गायक जोशी का निधन
उदयपुर, 01 मई (हि.स.)। उदयपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी का निधन हो गया। यह हादसा डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब वे हल्दीघाटी से अपने गांव बड़वाई (चित्तौड़गढ़) लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, धनराज जोशी गुरुवार रात हल्दीघाटी के सैमन गांव में आयोजित भजन संध्या में शामिल होकर अपने बेटे और साथियों के साथ कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में उदयपुर शहर में किसी काम के चलते उनका बेटा और अन्य साथी वाहन से उतर गए थे। इसके बाद जोशी अपने ड्राइवर राजेंद्र सोनेरी के साथ आगे बढ़ रहे थे।
दरोली गांव और उदयपुर एयरपोर्ट के बीच अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। वाहन डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया, जिससे कार में सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डबोक पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत डबोक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धनराज जोशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं ड्राइवर का इलाज जारी है।
धनराज जोशी मेवाड़ और मारवाड़ क्षेत्र में अपने भजनों और अनोखी कॉमेडी शैली के लिए काफी लोकप्रिय थे। उनकी प्रस्तुतियां धार्मिक आयोजनों में विशेष आकर्षण का केंद्र रहती थीं। सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी, जहां उनके लाखों प्रशंसक थे।
परिवार की बात करें तो वे चार बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी दो संताने—गणपत, सोनू और एक बेटी किरण है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है और भक्ति संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

