उद्यमी मतदाता संवाद में गूंजा मतदान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
उद्यमी मतदाता संवाद में गूंजा मतदान का संदेश


बीकानेर, 03 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर स्वीप के अंतर्गत गुरुवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ सभागार, रानी बाजार में ‘उद्यमी मतदाता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन व स्वीप प्रभारी तथा सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों से लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वयं मतदान करने तथा अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कामगारों सहित समाज के अन्य वर्गों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की विशेषाधिकारी आईएएस स्वाति शर्मा ने कहा कि उद्यमी समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी है कि वे स्वयं मतदान करें और अपने सामाजिक प्रभाव का उपयोग करते हुए अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने कहा कि लोकतंत्र में उद्यमियों की भूमिका केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने यहां कार्यरत कामगारों और कर्मचारियों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा, स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का मंच संचालन स्वीप टीम के सुधीर मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर उद्यमियों में वीरेंद्र किराडू, कमल बोथरा, नरेश मित्तल, अशोक सुराणा, कन्हैयालाल बोथरा, श्याम सोनी, भंवर चांडक, राजीव शर्मा, विमल चोरड़िया, निर्मल पारस, अशोक गहलोत, परता राम चौधरी सहित स्वीप टीम के दीपक जोशी, बजरंग लाल जाट, सहीराम, राम किशन, अमनदीप गोदारा, हीरालाल, जिला उद्योग केंद्र के सोहल लाल जाट एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story