प्लास्टिक का उपयोग घटाने का संदेश घर-घर पहुंचा रहीं आईजीएनपी विद्यालय की छात्राएं
बीकानेर, 05 नवंबर (हि.स.)। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के चौथे दिन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, इंदिरा गांधी नहर परियाेजना कॉलोनी की छात्राओं ने वीडियो संदेशों और रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील की। दीपावली अवकाश के बावजूद छात्राएँ अपने घरों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली का संदेश परिवारों तक पहुँचा रही हैं।
प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध एवं उपप्राचार्य वंदना राठौड़ के मार्गदर्शन में छात्राओं बनारसी, सीता एवं अंजू बिश्नोई ने वीडियो संदेशों के जरिए प्लास्टिक का अनावश्यक उपयोग छोड़ने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। छात्राओं ने जागरूकता पोस्टर भी तैयार किए। इनमें पृथ्वी के चित्रों और आकर्षक नारों के माध्यम से कपड़े एवं कागज के थैले अपनाने का संदेश दिया गया। पोस्टरों पर अंकित पंक्तियां 'फैलेगी हर तरफ हरियाली, जब प्लास्टिक दूर भगाएं। कसम यही आज उठाएं, थैला कपड़े का अपनाएं' ने अभियान की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
गतिविधि के माध्यम से बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला साथ रखने, पॉलीथिन लेने से बचने तथा एक बार इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक सामग्री का उपयोग घटाने पर जोर दिया गया। उपप्राचार्य गणेश चौधरी ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।मंजुल मुकुल वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की
छात्राओं को परिवार के सदस्यों के साथ प्लास्टिक उपयोग कम करने की शपथ दिलाने के लिए ताराचंद पायल ने विशेष प्रयास किए। वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया, जबकि सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनीष विधानी ने संदेशों के संकलन एवं प्रचार-प्रसार में सहयोग दिया। कार्यक्रम प्रभारी मनीता एवं रजनी गुर्जर सहित शाला परिवार की सक्रिय भागीदारी रही।
विद्यालय परिवार ने 6 नवंबर को ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण एवं पुनः उपयोग तथा 7 नवंबर को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और कचरा कम करने से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

