रेलवे माल डिब्बा मरम्मत कारखाने में गूंजा देशभक्ति का संदेश, निकली तिरंगा रैली

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे माल डिब्बा मरम्मत कारखाने में गूंजा देशभक्ति का संदेश, निकली तिरंगा रैली


काेटा, 14 अगस्त (हि.स.)। माल डिब्बा मरम्मत कारखाना, कोटा में मुख्य कारखाना प्रबंधक सुधीर सरवरिया के निर्देशन में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि तिरंगा रैली को कारखाने के बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र (बीटीसी) से उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर दिलीप सिंह मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बीटीसी से प्रारंभ होकर कारखाने के मुख्य द्वार तक पहुंची।

रैली में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर दिलीप सिंह मीणा, वर्क्स मैनेजर राजेश पटेल, सहायक वर्क्स मैनेजर श्रीकृष्ण बैरवा, सहायक कार्मिक अधिकारी सी. एल. बैरवा, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक नरेंद्र सिकरवार तथा कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक प्रेम सिंह कोली सहित करीब 100 कर्मचारी उपस्थित रहे।

तिरंगा रैली के माध्यम से कर्मचारियों को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

रैली के दौरान पूरे कारखाना परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम ने कर्मचारियों में राष्ट्रीय गौरव एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story