पंचायत चुनाव में हर गांव-ढाणी तक पहुंचाएं विकास का संदेश, हर बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव में हर गांव-ढाणी तक पहुंचाएं विकास का संदेश, हर बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री


जयपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायत चुनावों की सरगर्मियों के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को खाटूश्यामजी में भाजपा पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर सरकार के विकास कार्यों का संदेश देने तथा ग्रामीणों का भरोसा जीतने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह निकाय चुनावों में भाजपा को समर्थन मिला, उसी तरह पंचायत चुनावों में भी कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर विश्वास मजबूत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला संगठन नहीं है, बल्कि उसके कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत चुनावों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल चुनाव प्रचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्हें हर गांव और ढाणी में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं, अपेक्षाओं और जरूरतों को समझना चाहिए। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए काम करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि गांवों के विकास के उद्देश्य से ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया गया है। इसमें सभी वर्गों के विकास को ध्यान में रखने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से इस संकल्प पत्र के माध्यम से ग्रामीणों के बीच संवाद बढ़ाने और पंचायत चुनावों में प्रत्येक बूथ पर भाजपा की जीत के लिए जुटने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने शेखावाटी के विकास और पेयजल से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शेखावाटी के सर्वांगीण विकास का संकल्प किया है और लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में पानी से जुड़े 10 बड़े समझौते हुए हैं, जिनमें से चार का लाभ राजस्थान को मिलेगा। उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना के साथ यमुना और किशाऊ जल समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुना का पानी 295 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से शेखावाटी तक पहुंचाने की योजना है।

उन्होंने किशाऊ समझौते को भी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि इससे शेखावाटी को सालभर पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश के 204 निकायों में अपना बोर्ड बनाया है। उन्होंने इसे राज्य सरकार के कामकाज के प्रति जनता के समर्थन के रूप में प्रस्तुत किया और कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में भी इसी ऊर्जा के साथ काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि देश को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री ने इसी दृष्टिकोण के साथ राजस्थान में डबल इंजन सरकार के काम करने की बात कही।

खाटूश्यामजी में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story