राजस्थान में रातें होने लगीं सर्द, दिन में गर्मी बरकरार

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में रातें होने लगीं सर्द, दिन में गर्मी बरकरार


राजस्थान में रातें होने लगीं सर्द, दिन में गर्मी बरकरार


जयपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में मौसम ने अब धीरे-धीरे करवट लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई। पहाड़ी राज्यों में मौसम साफ होने के साथ वहां से चल रही उत्तरी हवाओं का असर मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगा है। इससे रात के तापमान में गिरावट आई है और सुबह-शाम ठंड का अहसास बढ़ गया है। हालांकि, दिन में धूप के तेवर अभी भी गर्म हैं। खासकर पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप के कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। 15 नवंबर के बाद प्रदेश में सर्दी का असर और तेज हो सकता है।

पिछले 24 घंटों में सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। फतेहपुर में 12.7, माउंट आबू में 13.1, नागौर में 13.5, सिरोही में 13.8, भीलवाड़ा में 14.4 और उदयपुर में 14.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

भरतपुर, करौली, अलवर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह और शाम हल्की धुंध व कोहरे का असर भी देखने को मिला। रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में गर्मी से राहत नहीं मिली है।

मंगलवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। चित्तौड़गढ़ में 36, जैसलमेर में 35.8, पाली में 35.6 और जोधपुर में 35.5 डिग्री तापमान रहा। डूंगरपुर और कोटा में 34.2, जबकि उदयपुर और भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम सूखा रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इसके विपरीत रात के समय उत्तरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में दिन में गर्मी और रात में सर्दी का असर देखने को मिल सकता है। 15 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट आने पर सर्दी का असर बढ़ने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775133 Articles

Share this story