आंधी-बारिश से पारा गिरा, गर्मी बरकरार, फलौदी-बीकानेर में बारिश
जयपुर, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश शहरों में आंधी-बारिश का दौर बना हुआ है। आंधी-बारिश से प्रदेश के शहरों का पारे में एक से तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी का असर बना हुआ है। गुरुवार को फलौदी, बीकानेर सहित अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आमजन को गर्मी से बचाने के लिए प्रशासन द्वारा अलग-अलग जतन किए जा रहे है। जयपुर, जैसलमेर सहित अन्य कई शहरों में मशीन के माध्यम से पानी की फुहारों से आमजन को भीषण गर्मी से राहत देने का जतन किया जा रहा है। तेज गर्मी के चलते दोपहर में सड़कों पर यातायात कम नजर आया। प्रदेश के तीन शहरों का पारा 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया। फलौदी सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 45.2 और न्यूनतम तापमान 33.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार फलौदी के अलावा बाड़मेर और जैसलमेर का अधिकतम तापमान 45.1 एवं श्रीगंगानगर का पारा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। फलौदी के अलावा चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, जैसलमेर और जालोर का रात का पारा 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के दक्षिण-पश्चिमी व पूर्वी भागों में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री के मध्य दर्ज किया जा रहा है। आगामी 48 घंटों में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने व 17 मई से पुन: तापमान में बढ़ोतरी होने व पश्चिमी राजस्थान में तीव्र हीटवेव का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है। दक्षिण-पूर्वी भागों में भी आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री के मध्य दर्ज होने व 17 मई से पुन: हीटवेव दर्ज होने की प्रबल संभावना है। 15 मई को बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 किमी प्रतिघंटा) व हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। बुधवार को राज्य में कहीं कहीं मेघगर्जन , आंधी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को सर्वाधिक वर्षा सरदार शहर (चुरू) में 18 मिलीमीटर दर्ज की गई।
जयपुर में बुधवार शाम को आए आंधी-बारिश के बाद पारे में गिरावट आई है। इससे आमजन को भीषण गर्मी से थोडी राहत जरुर मिली है। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.8 और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार शाम को एक बार फिर मौसम बदला और काले घने बादल छाने के साथ तेज हवाएं चली, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में आमजन को तेज गर्मी से बचाने के लिए निगम में मशीन से पानी की फुहारें बरसाने के अलावा रामबाग चौराहे पर ग्रीन नेट लगाया। ग्रीन नेट से चौराहे पर ट्रेफिक सिग्लन होने पर तेज धूप से राहत मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

