फाल्गुन में जेठ का अहसास

WhatsApp Channel Join Now
फाल्गुन में जेठ का अहसास


जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी राजस्थान में फाल्गुन के महीने में ही जेठ माह की तीखी धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए है। इसका सबसे ज्यादा असर प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में पड़ा है। जहां जोधपुर सहित अन्य जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह में गर्मी और तेज होने का अनुमान जताते हुए तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है। तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। वातावरण में ह्यूमिडिटी लेवल 40 प्रतिशत से नीचे आने के कारण दिन में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। इसका असर अब केवल दोपहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सुबह-शाम और रात के समय भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान भी ऊपर पहुंच चुका है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। बुधवार को जोधपुर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story