मर्सिडीज वर्कशॉप में लगी भीषण आग में जली आठ कारें
जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में मंगलवार—बुधवार की मध्यरात्रि को भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से वर्कशॉप में खड़ी करीब आठ लग्जरी कारें, एसेसरीज और महंगे पार्ट्स जलकर खाक हो गए। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इधर आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
अग्निशमन अधिकारी उषा शर्मा के अनुसार करीब 10 दमकलों ने कई चक्कर लगाए और दो दर्जन से अधिक फेरे लगाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकलकर्मियों और पुलिस ने वर्कशॉप में खड़ी कई कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
थानाधिकारी कमलेश शर्मा के अनुसार जिस समय आग लगी थी। उस वर्कशॉप में नई और पुरानी 50 से ज्यादा महंगी कारें खड़ी थीं। आग तेजी से फैलने के कारण वर्कशॉप में मौजूद कारों, एसेसरीज और महंगे पार्ट्स को नुकसान पहुंचा। हालांकि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से कई कारों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। वर्कशॉप के पास ही लग्जरी कारों का शोरूम भी स्थित है। आग वहां तक पहुंचती तो नुकसान और अधिक हो सकता था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई है। बुधवार को एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाएगी। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर नुकसान करोड़ों रुपए का होने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

