एलिवेटेड रोड के लिए जेडीए व जयपुर मेट्रो मिलकर करें काम : मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
एलिवेटेड रोड के लिए जेडीए व जयपुर मेट्रो मिलकर करें काम : मुख्यमंत्री


जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो परियोजना को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो विस्तार के आगामी चरणों में शहर के सभी प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेट्रो नेटवर्क का योजनाबद्ध और समयबद्ध विकास किया जाना आवश्यक है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर के आमजन को सुगम, सुलभ और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेट्रो विस्तार की योजना बनाते समय जनसंख्या घनत्व और यातायात दबाव को विशेष रूप से ध्यान में रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित मेट्रो विस्तार को आमेर, बगराना (आगरा रोड), जगतपुरा और आईएसबीटी हीरापुरा तक ले जाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, बजट वर्ष 2025-26 में घोषित जगतपुरा और वैशाली नगर क्षेत्रों के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर तेजी से कार्य करने को कहा। अधिकारियों ने बैठक में प्रस्तावित एलाइनमेंट का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक सुझाव देते हुए योजना को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने अरण्य भवन से जगतपुरा तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जेडीए और जयपुर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन आपसी समन्वय से कार्य करें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मेट्रो परियोजनाओं के समय पर पूर्ण होने और लागत नियंत्रण को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। मुख्यमंत्री ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़–ट्रांसपोर्ट नगर) और फेज-1डी (मानसरोवर–अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की।

अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के माध्यम से इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त एवं एमडी राजस्थान मेट्रो वैभव गालरिया, जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story