पुलिसकर्मियों की मृत्यु या पूर्ण दिव्यांगता पर सहायता राशि बढ़ाने पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
पुलिसकर्मियों की मृत्यु या पूर्ण दिव्यांगता पर सहायता राशि बढ़ाने पर मंथन


जयपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस कार्मिक कल्याण न्यास की न्यासी समिति की 53वीं बैठक गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। साथ ही पिछली बैठक के निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा कर पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस सेवा के दौरान मृत्यु या पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में वर्तमान में दी जाने वाली 50 हजार रुपये की सहायता राशि बढ़ाने के सुझाव पर मंथन हुआ। इसके अलावा पुलिसकर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने, पुलिस लाइनों में सुविधाओं का विस्तार करने और पुस्तकालय निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

न्यास के कोष को मजबूत करने के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत विभिन्न संस्थानों से सहयोग लेने और पुलिसकर्मियों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के विकल्पों पर चर्चा हुई। पुलिस परिसरों में हरियाली बढ़ाने के लिए हरित अभियान शुरू करने का सुझाव भी दिया गया। बैठक में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को जरूरत के समय बेहतर सहायता उपलब्ध कराने तथा कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि कार्मिक कल्याण पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। न्यास का दायरा बढ़ाने और पुलिसकर्मियों के हित में कल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए बैठक में दिए गए सुझावों पर कार्य किया जाए।

बैठक में समिति के उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक वी.के. सिंह, महासचिव एवं महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चंद विश्नोई, जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765012 Articles

Share this story